
स्थान : भीमताल/धारी
ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा लेटीबुंगा में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा की पहल पर श्रम विभाग की ओर से विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों को खाद्य सामग्री, बच्चों की स्कूल किट सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई। कैंप में आसपास के 15 गांवों के ग्रामीणों और श्रमिकों ने भाग लिया।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए लंबी दूरी तय कर हल्द्वानी जाना पड़ता था। इसके लिए ग्रामीणों को हजारों रुपये खर्च करने के साथ अपना कीमती समय भी गंवाना पड़ता था। कई बार दूरदराज से पहुंचने के बावजूद श्रमिकों को बिना लाभ मिले ही वापस लौटना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए लेटीबुंगा में विशेष कैंप आयोजित कराया गया है।





मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य श्रमिकों को उनके घर के नजदीक ही सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि धारी ब्लॉक के 15 गांवों के मध्य स्थित लेटीबुंगा में कैंप आयोजित होने से आसपास के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। अब श्रमिकों को छोटी-छोटी जरूरतों और विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए हल्द्वानी के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र श्रमिक परिवारों तक पहुंचे।


मंत्री कैड़ा ने बताया कि श्रम विभाग की योजनाओं के अंतर्गत पात्र श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति, श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता, प्रसूति सहायता तथा श्रमिक की मृत्यु होने पर आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा श्रमिकों को अन्य कल्याणकारी योजनाओं से भी लाभान्वित किया जा रहा है, ताकि उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से श्रमिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से पात्र श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास करने की बात कही।



कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नैनीताल जनपद के भीमताल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में श्रम विभाग के कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।


इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों और श्रमिकों ने गांव के नजदीक विशेष कैंप आयोजित कराने तथा उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने के लिए मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, संजय नयाल, हरेंद्र नयाल, प्रकाश चंद्र नानू, ललित शर्मा, गुड्डू नयाल, अनीता नयाल सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि, श्रम विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

