
स्थान : चम्पावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपनी विधानसभा चम्पावत में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नवनिर्मित सर्किट हाउस का लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने जनपद को करीब 96 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 11 योजनाओं का लोकार्पण और पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।

मुख्यमंत्री ने कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की लागत की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की लागत से तैयार 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की लागत वाली पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से जनपद में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर जनसुविधाएं मिलेंगी।




मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का संकल्प है। इसके लिए अगले 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने पर काम किया जा रहा है। जनपद में बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन आईएसबीटी से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा। वहीं, जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 66 करोड़ रुपये की लागत का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।



मुख्यमंत्री ने चम्पावत की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए कहा कि जनपद में पर्यटन, रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार कर उन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है, ताकि क्षेत्र के लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, मिनिस्टीरियल संवर्ग और रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, राज्य आंदोलनकारियों, पूर्व सैनिकों तथा सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने सप्तेश्वर/सप्तकोशी परिक्रमा प्रस्तावक समिति और मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।




मुख्यमंत्री ने जिला बार एसोसिएशन, चम्पावत के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और आम नागरिकों को न्याय दिलाने तथा उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने में उनकी अहम भूमिका है। राज्य सरकार आमजन को सरल, सुलभ और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए सामुदायिक भवनों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की भी घोषणा की। इसके अतिरिक्त विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस धनराशि से ग्राम सभाएं अपनी जरूरतों के अनुसार पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन और आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन सहित अन्य जनहितकारी कार्य कर सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में खेल रहे बच्चों को चॉकलेट वितरित कीं और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। चम्पावत आगमन पर सर्किट हाउस हेलीपैड में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस बल की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

