काशीपुर में भाजपा की दो दिवसीय कार्यशाला, विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन

काशीपुर में भाजपा की दो दिवसीय कार्यशाला, विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन

स्थान : काशीपुर
रिपोर्टर : अज़ीम खान

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में 13 और 14 अक्टूबर को दो दिवसीय विचारक वर्ग कार्यशाला आयोजित की जा रही है। बाजपुर रोड स्थित गौतमी हाइट्स होटल के सभागार में हो रही इस कार्यशाला में विधानसभा प्रभारियों और विस्तारकों को चुनावी तैयारियों से जुड़े जरूरी सुझाव दिए जा रहे हैं।

कार्यशाला में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करने के साथ बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा की जा रही है। कार्यक्रम में उत्तराखंड भाजपा प्रभारी राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट शामिल हैं। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 14 अक्टूबर को कार्यशाला में शामिल होने का कार्यक्रम है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियों में जुटी है। इसी उद्देश्य से दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई है, जिसमें प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के विस्तारक हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों के लिए नियुक्त प्रभारियों के साथ बूथ प्रबंधन को बेहतर बनाने और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर चर्चा की जाएगी।

महेंद्र भट्ट के अनुसार, कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यशाला के बाद 14 अक्टूबर से विस्तारक और विधानसभा प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।

नए राज्यपाल की नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए महेंद्र भट्ट ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रदेश के राज्यपाल ने भी उत्तराखंड के विकास में योगदान दिया है।

वहीं, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, तो इस पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर इस मुद्दे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी हार की आशंका के चलते विरोध कर रही है।

काशीपुर में आयोजित इस कार्यशाला को भाजपा की आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का जोर बूथ स्तर पर प्रबंधन मजबूत करने और विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर है।