दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने पर अंकिता भंडारी के पिता नाराज, सड़क पर उतरने की अपील

दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने पर अंकिता भंडारी के पिता नाराज, सड़क पर उतरने की अपील

स्थान : पौड़ी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

अंकिता भंडारी के पिता ने दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ईमानदार अधिकारियों को सजा दे रही है, जबकि विवादों में रहे नेताओं को सम्मान और महत्वपूर्ण पद दिए जा रहे हैं।

अंकिता के पिता ने इस नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए लोगों से सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराने और अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों पर जनता को आगे आकर अपनी बात रखनी चाहिए।

उन्होंने पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की पत्नी उर्मिला सनावर का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, उर्मिला सनावर ने कथित वीआईपी को लेकर वीडियो जारी कर सरकार से कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन उनके आरोप के अनुसार इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अंकिता भंडारी हत्याकांड लंबे समय से उत्तराखंड में चर्चा और जनभावनाओं से जुड़ा रहा है। दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने को लेकर अंकिता के पिता की नाराजगी सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

अंकिता के पिता ने राष्ट्रपति से हाथ जोड़कर अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने अपील की कि मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्पष्ट किया कि उनकी बेटी को न्याय मिलने तक वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।