
स्थान -खटीमा (ऊधम सिंह नगर )
रिपोर्टर – अशोक सरकार

उधम सिंह नगर के खटीमा में धान खरीद शुरू होने में देरी को लेकर किसानों का आक्रोश सामने आया। किसानों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से 1 अक्टूबर से धान खरीद शुरू करने का भरोसा दिया गया था, लेकिन तय समय पर खरीद शुरू नहीं हो सकी।

धान खरीद में देरी से नाराज किसानों ने खटीमा गल्ला मंडी का गेट बंद कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का कहना था कि फसल तैयार होने के बाद भी सरकारी खरीद शुरू न होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


किसानों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एसडीएम तुषार सैनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। प्रशासन की ओर से जल्द खरीद प्रक्रिया शुरू कराने का भरोसा दिया गया।


एसडीएम से वार्ता के बाद किसानों ने अपना धरना फिलहाल स्थगित कर दिया। प्रशासन ने किसानों को आश्वासन दिया है कि 5 अक्टूबर से धान की तौल और खरीद प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी।


भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष गुरसेवक सिंह ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल बेचने को लेकर पहले से परेशान हैं और खरीद प्रक्रिया में देरी से उनकी मुश्किलें और बढ़ रही हैं।

एसएमआई किशन चंद आर्या ने बताया कि सरकारी व्यवस्था के तहत किसानों का पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पोर्टल में तकनीकी समस्या के कारण किसानों के पंजीकरण में परेशानी आ रही है, जिससे खरीद प्रक्रिया प्रभावित हुई है।



मंडी सचिव ललित मोहन पांडे ने बताया कि खटीमा क्षेत्र में किसानों की सुविधा के लिए कुल 84 धान क्रय केंद्र खोले गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों को उनकी फसल बेचने में सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल प्रशासन ने 5 अक्टूबर से धान की तौल और खरीद शुरू कराने का भरोसा दिया है। किसानों की नजर अब इस बात पर है कि तय तारीख से खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से शुरू होती है या उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए और इंतजार करना पड़ता है।

