6 से 10 अक्टूबर तक मसूरी में शरदोत्सव, ब्रोशर का हुआ लोकार्पण

6 से 10 अक्टूबर तक मसूरी में शरदोत्सव, ब्रोशर का हुआ लोकार्पण

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

नगर पालिका सभागार में आगामी शरदोत्सव के ब्रोशर का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, सभासदों के साथ विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। शरदोत्सव का आयोजन 6 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक किया जाएगा।

शरदोत्सव में पद्मश्री जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण, कुलदीप शर्मा, पद्मश्री बसंती बिष्ट, पांडव बैंड, फरहान साबिर, लोक गायिका मंजू नौटियाल, रोहन भारद्वाज, करिश्मा शाह, मनोज सागर, रेशमा शाह, मनु वंदना, वीरेंद्र पवार, सौरव मैठाणी सहित कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

इसके अलावा साहब सिंह रमोला, अमित खरे, गजेंद्र राणा, आकांक्षा रमोला और प्रदीप भंडारी समेत अन्य लोक कलाकार भी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। स्थानीय क्लबों की ओर से भी शहर के विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

शरदोत्सव के दौरान तीलू रौतेली पर आधारित गीत एवं नृत्य नाटिका का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजन को भव्य बनाने के लिए शहर को सजाने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। मसूरी खेल संघ की ओर से विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शरदोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान सर्वे मैदान से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो घंटाघर और माल रोड होते हुए गांधी चौक पहुंचेगी, जहां कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ होगा।

शोभायात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं की ओर से विभिन्न झांकियां निकाली जाएंगी। इसके साथ ही उत्तराखंड के अलावा अन्य राज्यों से आने वाले कलाकार भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। शहर के लंढोर चौक, शहीद स्थल और लाइब्रेरी चौक पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मीरा सकलानी ने बताया कि नगर पालिका बोर्ड बैठक में शरदोत्सव के आयोजन से जुड़े वित्तीय स्वीकृति प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई है। टाउन हॉल में स्टार नाइट समेत कई अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और सरकारी संस्थाओं का सहयोग भी लिया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि मसूरी शरदोत्सव का अपना ऐतिहासिक महत्व रहा है और इस मंच ने उत्तराखंड सहित देश को कई प्रसिद्ध कलाकार दिए हैं। उन्होंने शहरवासियों और पर्यटकों से शरदोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए उम्मीद जताई कि आयोजन से मसूरी के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।