
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून नगर निगम के पार्षद बैठक कक्ष में बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्षा रूप कुमारी चौधरी ने पत्रकार वार्ता कर उत्तराखंड में संगठन की गतिविधियों और सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी।

रूप कुमारी चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत महिला मोर्चा की कार्यकर्ता विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग ले रही हैं।


उन्होंने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक महिला मोर्चा की कार्यकर्ता प्रदेश के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंच रही हैं। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया जा रहा है।


अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली आशा कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया जा रहा है। महिला मोर्चा की ओर से उनके काम और समाज में उनकी भूमिका को लेकर संवाद भी किया जा रहा है।


रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचने वाली महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को फल और मिठाई भी वितरित की जा रही है। बच्चों के बीच उत्साह बढ़ाने के लिए छोटी-छोटी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान का एक प्रमुख उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाना भी है। इसी के तहत महिला मोर्चा की कार्यकर्ता माताओं से बातचीत कर स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर चर्चा कर रही हैं।




पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सेवा संकल्प अभियान के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क कर संगठन की ओर से निर्धारित कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही हैं।
रूप कुमारी चौधरी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा और इस दौरान महिला मोर्चा की ओर से उत्तराखंड में विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

