
लोकेशन- रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर भाजपा जिला रुड़की ने बड़े स्तर पर सेवा और जनभागीदारी अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सामाजिक, जनकल्याणकारी और सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई और पार्टी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।



भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही लोगों को सामाजिक सेवा और जनहित के कार्यक्रमों से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा।


अभियान की शुरुआत से पहले 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित कर विभिन्न वर्गों के लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।



अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें लोगों से अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने का आह्वान किया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
स्कूली बच्चों को भी इस अभियान से जोड़ने की योजना बनाई गई है। ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से बच्चों को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत से जुड़े विचारों को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।



जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने बताया कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन नाटकों के जरिए सरकार की योजनाओं, सेवा कार्यों और देश में हुए बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए स्थानीय कलाकारों और युवाओं की टोलियां तैयार की जाएंगी।

इसके अलावा ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और माताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य सेवा, जनसंपर्क और जनभागीदारी के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी के कार्यक्रमों से जोड़ना है।

