चारधाम में टप्पेबाजी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट, गैंग लीडर गिरफ्तार

चारधाम में टप्पेबाजी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट, गैंग लीडर गिरफ्तार

स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और आस्था का फायदा उठाकर टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कथित गैंग लीडर सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को कोतवाली श्री बद्रीनाथ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपियों द्वारा संगठित गिरोह बनाकर योजनाबद्ध तरीके से श्रद्धालुओं को निशाना बनाते हुए टप्पेबाजी की घटनाएं की जा रही थीं।

इस मामले में पुलिस ने पहले कृष्ण कुमार निवासी भटिंडा पंजाब, दिया निवासी मोरमंडी भटिंडा पंजाब, सुनील कुमार निवासी भरतपुर राजस्थान हाल निवासी भटिंडा पंजाब और ललित कुमार निवासी अलवर राजस्थान को गिरफ्तार किया था। जांच आगे बढ़ने के साथ गिरोह की अन्य गतिविधियों की भी जानकारी सामने आई।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ और जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्यों ने श्री केदारनाथ धाम क्षेत्र में भी टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना सोनप्रयाग में भी बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है।

गिरोह की लगातार आपराधिक गतिविधियों और संगठित तरीके से अपराध करने के आरोपों को देखते हुए चमोली पुलिस ने विस्तृत गैंगचार्ट तैयार किया। जिला मजिस्ट्रेट से अनुमोदन मिलने के बाद गिरोह और उसके सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम को मैनुअल पुलिसिंग, सुरागरसी-पतारसी और आधुनिक सर्विलांस तकनीक के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए गए।

पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और सुरागरसी के आधार पर कथित गैंग लीडर सुनील कुमार को 11 सितंबर 2026 को देवप्रयाग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

एसपी चमोली ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बद्रीनाथ महादेव उनियाल, प्रभारी निरीक्षक गोविंदघाट चित्रगुप्त, हेड कांस्टेबल चंदन सिंह नागरकोटी, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह रावत और चालक मनोज कुमार शामिल रहे।