खटीमा प्रेस क्लब का गठन, केदार सोनकर बने अध्यक्ष

खटीमा प्रेस क्लब का गठन, केदार सोनकर बने अध्यक्ष

स्थान – खटीमा ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार

लंबे इंतजार और तैयारियों के बाद खटीमा में प्रेस क्लब के गठन की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पत्रकारों की बैठक में क्लब के प्रमुख पदों पर जिम्मेदारियां तय करते हुए नई कार्यकारिणी की प्रारंभिक घोषणा की गई।

बैठक में अजय गुप्ता को प्रेस क्लब का संरक्षक बनाया गया, जबकि केदार सोनकर को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। ईश्वर सिंह को कोषाध्यक्ष और दीपक यादव को महामंत्री नियुक्त किया गया।

प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि शेष कार्यकारिणी की घोषणा अगली बैठक में की जाएगी। इसके लिए सदस्यों से विचार-विमर्श कर विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।

बैठक की खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकारों ने एकजुट होकर प्रेस क्लब की सदस्यता ग्रहण की। पत्रकारों ने संगठन को मजबूत बनाने और मीडिया से जुड़े मुद्दों को सामूहिक रूप से उठाने पर सहमति जताई।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों, समस्याओं और सुविधाओं को लेकर सक्रिय भूमिका निभाएगा। इसके साथ ही पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय और सहयोग को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रेस क्लब की ओर से जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करने की भी तैयारी की जा रही है। इस दौरान खटीमा में प्रेस भवन के निर्माण की मांग प्रमुख रूप से मुख्यमंत्री के सामने रखी जाएगी।

पदाधिकारियों का कहना है कि प्रेस भवन बनने से क्षेत्र के पत्रकारों को बैठकों, संवाद कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इस संबंध में शासन स्तर पर पहल किए जाने की मांग की जाएगी।

बैठक में अंकित ठाकुर, सलीम, माया शंकर, गुणेश पुजारा, टोनी वर्मा, संदीप भटनागर, विजय कुमार, इरफान खान, अमित कुमार, अनुज कुमार शर्मा, वेदप्रकाश, मुस्तकीम अहमद, सुमेर सिंह, पियूष राना, दिनेश राम कोहली, सुरेंद्र कुमार, बलजीत सिंह, सुभाष चंद्र, नवीन जोशी, विनीत राना, अरसद जावेद, जितेंद्र पारूथी, गोविंद कुमार और बॉबी जॉर्ज समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।