
स्थान : जसपुर/उद्यम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट


ऊधम सिंह नगर जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जसपुर क्षेत्र में अपंजीकृत चिकित्सालयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान क्षेत्र के कई चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया गया।


एसीएमओ डॉ. हरीश पांडे, डॉ. डीएम गहलोत और डॉ. जितेंद्र पंकज की संयुक्त टीम ने जसपुर क्षेत्र में करीब दस चिकित्सालयों की जांच की। टीम ने अस्पतालों के पंजीकरण, दस्तावेज और अन्य आवश्यक अभिलेखों की पड़ताल की।



निरीक्षण के दौरान दो चिकित्सालयों के दस्तावेजों में अनियमितताएं पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। संबंधित संस्थानों के संचालन को लेकर दस्तावेजों की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई।


वहीं अन्य चिकित्सालयों में भी पंजीकरण और दस्तावेजों से जुड़ी कमियां सामने आईं। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे चिकित्सालयों को कमियां दूर करने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किए हैं।



स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संचालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने और नियमों के अनुसार ही चिकित्सालय संचालित करने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पंजीकरण के चिकित्सकीय सेवाएं संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
टीम ने निरीक्षण के दौरान चिकित्सालयों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। साथ ही संबंधित संचालकों को निर्धारित मानकों और विभागीय नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।




स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि अपंजीकृत चिकित्सालयों और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इसके लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण किए जाएंगे।

अधिकारियों ने साफ किया कि मरीजों की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। नियमों की अनदेखी करने वाले चिकित्सालयों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

