
स्थान : काशीपुर
रिपोर्टर: अज़ीम खान


काशीपुर नगर क्षेत्र के कचनाल गाजी इलाके में एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित रूप से अश्लील और अनुचित हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार महिला ने तहरीर देकर एक युवक पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ गलत हरकत करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान फरमान के रूप में की है।



सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले में बीएनएस और पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


शिकायत के मुताबिक घटना 6 सितंबर की शाम करीब पांच बजे की बताई गई है। उस समय नाबालिग बच्ची अपने घर के बाहर मौजूद थी।


आरोप है कि इसी दौरान गड्डा कॉलोनी, कचनाल गाजी निवासी युवक ने बच्ची को इशारे से अपने पास बुलाया और उसे ई-रिक्शा में बैठा लिया।
परिजनों की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद युवक ने बच्ची के साथ अशोभनीय और अनुचित व्यवहार किया। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।



बताया गया कि घटना की जानकारी मिलने पर एक परिचित व्यक्ति ने बच्ची को वहां से छुड़ाकर सुरक्षित उसके घर पहुंचाया और परिजनों को पूरे मामले से अवगत कराया।

इसके बाद बच्ची की मां ने पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई शुरू की।
सीओ प्रशांत कुमार के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

