
स्थान : बग्वालीपोखर (अल्मोड़ा )
रिपोर्टर : संजय जोशी


शहीद सिपाही श्री कुंदन सिंह राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज बग्वाली पोखर में न्याय पंचायत कामा के दो दिवसीय खेल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और बैज अलंकरण के साथ की गई।


उद्घाटन समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय परिसर में खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।



कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी ने किया। उन्होंने छात्रों से खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने और अनुशासित जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया।



राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की अपील की।


विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान संतोष नेगी ने छात्रों को खेलों के माध्यम से करियर बनाने के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियां स्वस्थ जीवन के साथ आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करती हैं।

कार्यक्रम संयोजक एवं प्रधानाचार्य अजय कुमार जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने खेल महाकुंभ के माध्यम से नशामुक्त और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।




दो दिवसीय खेल महाकुंभ के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अलग-अलग प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन विजेता के रूप में किया गया।

विजयी प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।

