
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के कार्यक्रम से पहले बुधवार को हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बीच हुए इस विरोध प्रदर्शन से शहर का सियासी माहौल गरमा गया।


बुद्ध पार्क से कांग्रेस नेत्री राधा आर्य हाथ में संविधान की किताब लेकर सड़क पर उतरीं। उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे का विरोध करते हुए ‘गो बैक’ के नारे लगाए। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे।




प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने पहले से सुरक्षा के इंतजाम किए थे। राधा आर्य के आगे बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।


वहीं यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ समय तक धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी रही।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जाना उचित नहीं है।

कांग्रेस लगातार हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर विरोध कर रही है। इस मुद्दे को लेकर पिछले कई दिनों से हल्द्वानी समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन किए जा रहे हैं।




एक ओर हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का कार्यक्रम चल रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने कथित शुद्धिकरण मामले को लेकर सरकार और भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इससे दोनों दलों के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।

फिलहाल भाजपा के बड़े संगठनात्मक कार्यक्रम के बीच कांग्रेस के इस प्रदर्शन ने हल्द्वानी की राजनीति को और गरमा दिया है। संविधान की किताब लेकर सड़क पर उतरी कांग्रेस नेत्री और पार्टी नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।

