हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू, मिशन 2027 पर महामंथन

हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू, मिशन 2027 पर महामंथन

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार को हल्द्वानी में शुरू हुई। बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्रियों, वरिष्ठ भाजपा नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों ने भाग लिया। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए इस बैठक को संगठन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम स्थल पर भाजपा का ध्वज फहराकर बैठक का शुभारंभ किया। इसके बाद वंदे मातरम और राष्ट्रगान हुआ तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यसमिति की औपचारिक कार्यवाही शुरू की गई। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, सांसद अजय भट्ट, राम सिंह कैड़ा समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यसमिति सदस्य मौजूद रहे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी भी बैठक में शामिल होने हल्द्वानी पहुंचे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र में आयोजित यह प्रदेश कार्यसमिति संगठन की आगामी रणनीति तय करने में अहम भूमिका निभाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। उनके दौरे को मिशन 2027 की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

बैठक में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर मंथन किया जा रहा है। नई प्रदेश टीम की जिम्मेदारियों और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर भी चर्चा होनी है।

पार्टी नेताओं और मंत्रियों ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उनका कहना है कि सरकार के विकास कार्यों और संगठन की ताकत के बल पर भाजपा एक बार फिर उत्तराखंड में सरकार बनाएगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के हल्द्वानी पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और कार्यसमिति सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इसमें विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति, संगठनात्मक कार्यक्रमों और पार्टी की आगामी कार्ययोजना को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाने की उम्मीद है।

दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा जोश नजर आ रहा है। बैठक के माध्यम से पार्टी मिशन 2027 की तैयारियों को और धार देने की कोशिश में जुटी है। खबर लिखे जाने तक प्रदेश कार्यसमिति की बैठक जारी थी और वरिष्ठ नेताओं के बीच विभिन्न संगठनात्मक मुद्दों पर मंथन चल रहा था।