
स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


जिले के खटोली-वेला मोटर मार्ग पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वेला के समीप स्कूटी अनियंत्रित होकर पैराफिट से टकरा गई, जिससे स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।


जानकारी के अनुसार मछियाड़ निवासी रहीश सिंह भंडारी (35) अपनी पत्नी मंजू देवी (32) के साथ मंगलवार को अपने रिश्तेदारों के घर खटोली में वार्षिक श्राद्ध में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोनों शाम करीब पांच बजे स्कूटी से वापस मछियाड़ के लिए रवाना हुए।




बताया जा रहा है कि वेला के समीप पहुंचते ही उनकी स्कूटी संख्या डीएल 04 एसडीबी 0396 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे में मंजू देवी का सिर पैराफिट से टकरा गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पति रहीश सिंह भंडारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी।



सूचना मिलते ही चत्थी चौकी प्रभारी राकेश कठायत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल रहीश सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल चंपावत भिजवाया।
चौकी प्रभारी राकेश कठायत ने बताया कि मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।



हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिवार और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। बताया जा रहा है कि मंजू देवी के तीन छोटे बच्चे हैं। अचानक हुए हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पत्नी की मौत से घायल रहीश सिंह गहरे सदमे में बताए जा रहे हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाने में लगी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की है।

