
स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार


ग्राम बरी अंजनिया में किसानों की जमीन पर कथित कब्जे की नीयत से दहशत फैलाने, धमकी देने और फायरिंग करने के मामले में खटीमा पुलिस ने मुख्य आरोपी सतविन्दर सिंह उर्फ सोनू कनेटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी तक पहुंचने के लिए क्षेत्र के करीब 120 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मुखबिर तंत्र की मदद ली गई।


पुलिस के अनुसार मामला खटीमा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरी अंजनिया का है, जहां पहाड़ी मूल के किसान लंबे समय से कृषि कार्य कर आजीविका चला रहे हैं। आरोप है कि जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से किसानों और ग्रामीणों को डराने-धमकाने की साजिश रची गई थी।




पुलिस का दावा है कि मामले के कथित मुख्य साजिशकर्ता कुलवंत सिंह ने अपने भांजे सतविन्दर सिंह उर्फ सोनू कनेटी के माध्यम से घटना की योजना बनाई। आरोप है कि पहले दिन कुछ लोगों ने गांव पहुंचकर किसानों को धमकाया और जमीन को लेकर दबाव बनाने का प्रयास किया।


इसके बाद अगले दिन स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों के दोबारा गांव पहुंचने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक वादी चंद्र बदन जोशी और अन्य ग्रामीणों को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचे से फायरिंग की गई। घटना में गोली किसी को नहीं लगी और कोई जनहानि नहीं हुई।



मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक खटीमा कमल कुमार लुण्ठी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ लगातार सुरागरसी की।
पुलिस के अनुसार करीब 120 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल के बाद मुख्य आरोपी सतविन्दर सिंह उर्फ सोनू कनेटी निवासी बहेड़ी, बरेली की गतिविधियों के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पांच सितंबर को पुलिस ने सितारगंज-सुजिया रोड पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।




पुलिस का कहना है कि इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी सोनू कनेटी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल के अनुसार कथित मुख्य साजिशकर्ता कुलवंत सिंह को न्यायालय से गिरफ्तारी पर स्थगन आदेश मिला हुआ है। पुलिस की ओर से कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे नोटिस तामील कराया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों को शरण देने, आर्थिक सहायता पहुंचाने अथवा उन्हें छिपाने में मदद करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि जमीन से जुड़े विवाद की आड़ में दहशत फैलाने या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

