
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना


राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राहुल गांधी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ अभी तक हल्द्वानी में पुलिस ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी बनी हुई है।


कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शुद्धिकरण की घटना को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि कर्नाटक पुलिस द्वारा शुद्धिकरण मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जबकि हल्द्वानी में अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसी मांग को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लगातार स्थानीय पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं।




इसी क्रम में कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य और महाराष्ट्र के पूर्व महापौर चंद्रशेखर मंगलवार को हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर शुद्धिकरण मामले में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज करनी चाहिए।



चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के अपमान और शुद्धिकरण की घटना को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष है। उनका आरोप है कि एक ओर राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा तत्काल दर्ज कर लिया गया, वहीं दूसरी ओर शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने पुलिस से दोनों मामलों में समान रूप से कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ जल्द मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। नेताओं ने कहा कि कानून व्यवस्था के मामले में किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए और शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नेताओं के मामलों में पुलिस तेजी से कार्रवाई करती है, जबकि कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों से जुड़े मामलों में अलग रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को भी तत्काल खारिज किया जाना चाहिए। हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय कानूनी प्रक्रिया के तहत ही होगा।



चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को अब व्यापक स्तर पर उठाने की तैयारी में है। उन्होंने बताया कि पार्टी के लोकसभा सांसद जल्द ही राष्ट्रपति से मुलाकात कर पूरे मामले से उन्हें अवगत कराएंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस दौरान हल्द्वानी में हुई शुद्धिकरण की घटना और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर अपनी आपत्तियां राष्ट्रपति के समक्ष रखी जाएंगी।

पुलिस अधिकारियों से मुलाकात के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस की ओर से जल्द एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस और पुलिस के बीच यह मुद्दा अब राजनीतिक और कानूनी तौर पर लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।

