
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में 4 सितंबर की शाम कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उल्लास और पुलिस परिवार की एकजुटता के साथ भव्य रूप से मनाया गया। नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से आयोजित समारोह में जिलेभर के पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।


कार्यक्रम में हाईकोर्ट नैनीताल के न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, नैनीताल विधायक सरिता आर्या और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों का पारंपरिक पुलिस गार्ड, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।




जन्माष्टमी समारोह का मुख्य आकर्षण स्टार नाइट शो रहा। जी टीवी फेम गायिका वैशाली ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। लोक गायक नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी लोकगीतों की प्रस्तुति देकर पहाड़ी संस्कृति की छटा बिखेरी, जबकि अंतरराष्ट्रीय गायक विशाल प्रकाश ने अपनी ऊर्जावान गायकी से माहौल को भक्तिमय बना दिया। दिल्ली के विशाल डांस एंड क्रू की नृत्य प्रस्तुति ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।



स्टार नाइट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समापन के बाद मध्य रात्रि के समीप धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, उनकी पत्नी डॉ. नंदिता अरकेल सहित पुलिस अधिकारियों और नैनीताल पुलिस परिवार के सदस्यों ने विधि-विधान से कृष्ण की पूजा-अर्चना की। इस दौरान क्षेत्र और प्रदेश के जनकल्याण की कामना करते हुए सामूहिक भजन-कीर्तन भी किया गया।



जन्माष्टमी की दिव्यता को बढ़ाने के लिए जिले के विभिन्न थानों, सीपीयू, यातायात विभाग, संचार शाखा और फायर स्टेशनों के पुलिसकर्मियों ने कृष्ण की जीवन लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां तैयार कीं। मुख्य अतिथियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सभी झांकियों का बारीकी से अवलोकन किया और पुलिसकर्मियों की रचनात्मकता, मेहनत और कलात्मक प्रतिभा की सराहना की।

नैनीताल पुलिस के जवानों और पुलिस परिवार के बच्चों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा। पुलिस लाइन परिसर लगातार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। समारोह का नैनीताल पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज से लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे एक लाख से अधिक दर्शकों ने ऑनलाइन देखा और सराहा।




पूजा-अर्चना में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ नगर नैनीताल अंजना नेगी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। सभी ने सामूहिक रूप से जन्माष्टमी के धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।

समारोह के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों, पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों को मुख्य अतिथियों ने आकर्षक उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। भव्य आयोजन ने पुलिस और आम जनता के बीच आपसी सौहार्द को मजबूत करने के साथ ही नैनीताल पुलिस परिवार की सांस्कृतिक प्रतिभा और सामूहिक सहभागिता की मिसाल पेश की।

