स्थान : खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
रिपोर्टर : अशोक सरकार


जनपद ऊधम सिंह नगर के सीमांत क्षेत्र खटीमा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने दौरे के दौरान सीधे जनता के बीच पहुंचे। मुख्यमंत्री ने लोहियाहेड हेलीपैड और कैंप कार्यालय में आम नागरिकों तथा जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।


जनसंवाद के दौरान विभिन्न लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्रवाई त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य है। आम नागरिकों को अपने जायज कामों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करना होगा।

उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक मानी जाएगी, जब सरकार की योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। जनता की समस्याओं का समाधान अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।



मुख्यमंत्री के खटीमा दौरे के दौरान कैंप कार्यालय में एक भावुक और खास पल भी देखने को मिला। स्थानीय बहनों ने मुख्यमंत्री को 12 फीट लंबी विशाल राखी भेंट की और उन्हें रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान माहौल आत्मीयता से भर गया।

मुख्यमंत्री धामी ने स्थानीय बहनों द्वारा दी गई विशाल राखी के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी बहनों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और इस पर्व को भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक बताया।


जनसंवाद कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा और सुखदेव सिंह नामधारी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों को रखा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनके निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं और जरूरतों के अनुरूप कार्य कर रही है। जनसंवाद के माध्यम से आम लोगों से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

