स्थान : हल्द्वानी (नैनीताल)
ब्यूरो रिपोर्ट


पुलिस परिवार की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के उद्देश्य से शनिवार को नैनीताल पुलिस की ओर से हल्द्वानी स्थित मधुबन वाटिका में हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नैनीताल पुलिस परिवार की महिला कर्मियों, गृहणियों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


महोत्सव की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुई। कार्यक्रम में पहुंचे विशिष्ट अतिथियों का स्वागत पारंपरिक रूप से हरे-भरे पौधे भेंट कर किया गया। साथ ही अतिथियों को गजरा पहनाकर सावन की परंपरा से जोड़ा गया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।


कार्यक्रम की मुख्य आयोजक डॉ. नंदिता अरकेल, पत्नी एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी रहीं। आयोजन में श्रीमती विनीता जगदीश चौधरी और श्रीमती रीतू कत्याल समेत अन्य सदस्यों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी विशिष्ट अतिथि विभिन्न प्रतियोगिताओं में जूरी सदस्य के रूप में भी शामिल हुए।


महोत्सव में सावन के पारंपरिक झूले ने खास आकर्षण पैदा किया। अतिथियों, पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों ने झूले का आनंद लिया। इसके अलावा तीज क्वीन प्रतियोगिता में रैंप वॉक, प्रश्नोत्तरी और रैंडम सॉन्ग डांस जैसे राउंड आयोजित किए गए, जिसमें प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सोलो डांस प्रतियोगिता में महिलाओं और बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक रंगत ने माहौल को उत्सवमय बनाए रखा।

प्रतियोगिताओं के परिणामों में सोलो डांस में मीनाक्षी ने प्रथम, आरती ने द्वितीय और जानकी भंडारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। तीज क्वीन प्रतियोगिता में भावना पांडे प्रथम, शिवांगी जोशी द्वितीय और शीला मेहता तृतीय रहीं। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बसंती पुजारी प्रथम, पुष्पा टम्टा द्वितीय और गीता चौहान तृतीय स्थान पर रहीं।




मेहंदी प्रतियोगिता में अंजू भंडारी ने प्रथम, सुनीता बेनी ने द्वितीय और सीनू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में आराध्या प्रथम, दीपा त्रिलोकी द्वितीय और रेनू अधिकारी तृतीय रहीं। विजेताओं के साथ सभी प्रतिभागियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन महिला उपनिरीक्षक कुमकुम धनिक और श्रीमती शालिनी मेहता ने किया। समापन अवसर पर मुख्य आयोजक डॉ. नंदिता अरकेल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, सहयोगियों और पुलिस परिवार के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आपसी जुड़ाव और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में भी इसी तरह के आयोजन करने की बात कही।

महोत्सव को सफल बनाने में एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, प्रभारी महिला हेल्पलाइन सुनीता कुंवर, पीआरओ हेमा ऐठानी, प्रभारी साइबर सेल नीशू गौतम समेत पूरी आयोजन टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस परिवार के सदस्यों ने तीज पर्व का भरपूर आनंद लेते हुए एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

