स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट


लोहाघाट के हिटलर मार्केट में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। करीब रात 11 बजे पॉपुलर का विशाल पेड़ जोरदार आवाज के साथ एक आवासीय भवन पर जा गिरा। पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर भवन में रह रहे लोग घबराकर बाहर निकल आए और पूरी रात दहशत में रहे।


बताया गया कि पेड़ गिरने के समय भवन में दो परिवार मौजूद थे। भवन में रहने वाली प्रीति और अन्य लोगों ने बताया कि रात करीब 11 बजे अचानक तेज आवाज हुई और विशाल पेड़ मकान की छत पर आ गिरा। आवाज सुनते ही परिवार के सभी सदस्य तत्काल घर से बाहर निकल आए।


गनीमत रही कि पेड़ गिरने से किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, मकान और आसपास स्थित मीट की दुकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। पेड़ का बड़ा हिस्सा मकान की छत पर टिके होने के कारण भवन पर अभी भी खतरा बना हुआ है।


सोमवार सुबह घटना की सूचना लोहाघाट फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड प्रभारी हंसदास सागर के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने मकान की छत पर गिरे पेड़ को काटकर हटाने का प्रयास किया और जितना संभव हो सका, पेड़ के हिस्से को काटकर अलग किया।

हालांकि, पेड़ का एक बड़ा हिस्सा अभी भी भवन पर टिका हुआ है। इसके चलते मकान को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पेड़ के शेष हिस्से का जल्द निस्तारण कराने की मांग की है, ताकि किसी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हिटलर मार्केट में एक और विशालकाय पॉपुलर का पेड़ लंबे समय से खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पेड़ को नहीं हटाया गया तो यह भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। उन्होंने प्रशासन से खतरा बने पेड़ का भी तत्काल निस्तारण कराने की मांग की है।




घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी ने भी मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भवन पर गिरे पेड़ के निस्तारण के निर्देश दिए हैं। प्रशासन के निर्देश के बाद पेड़ को पूरी तरह हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। लेकिन जिस तरह से विशाल पेड़ आवासीय भवन पर गिरा, उससे क्षेत्र में पुराने और खतरा बने पेड़ों के समय रहते निस्तारण की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।


