राजभवन में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, राज्यपाल ने फहराया तिरंगा

राजभवन में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, राज्यपाल ने फहराया तिरंगा

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के राजभवन में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरिमापूर्ण समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल (सेवानिवृत्त) लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और प्रदेश एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान राजभवन परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आया।

राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन महान स्वतंत्रता सेनानियों, अमर शहीदों और उन सभी वीरों के सर्वोच्च बलिदान, तपस्या और त्याग को याद करने का अवसर है, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि देश उनके बलिदान को हमेशा श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करता रहेगा।

उन्होंने देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों को भी नमन किया। राज्यपाल ने कहा कि सरहदों, बर्फीले क्षेत्रों, पर्वतीय इलाकों और अन्य दुर्गम स्थानों पर देश की क्षेत्रीय अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा कर रहे सैनिक कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने सभी जवानों के साहस और समर्पण को सलाम किया।

राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र सुरक्षा के लिए नए संकल्प लेने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता को मजबूत बनाए रखने के साथ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के विकास और सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि पूरे राष्ट्र रूपी परिवार ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और भारत को विश्व गुरु बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों से ही देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवा देश की ऊर्जा और भविष्य की ताकत हैं। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने तथा शिक्षा, कौशल और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने युवाओं को नशे से दूर रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों और विशेष रूप से युवाओं से ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान से जुड़ने तथा नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही सशक्त राष्ट्र की मजबूत नींव बन सकते हैं।

समारोह के अवसर पर राज्यपाल ने सभी प्रदेशवासियों से देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने के साथ राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।