मंच शुद्धिकरण से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निकाला सत्याग्रह मार्च

मंच शुद्धिकरण से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निकाला सत्याग्रह मार्च

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

हल्द्वानी रामलीला मैदान में 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित तौर पर एक पार्टी विशेष के कार्यकर्ताओं द्वारा हवन-यज्ञ कर सभास्थल का शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह मार्च निकाला। बाजपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता अनाज मंडी परिसर से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचे। प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजाराम” का गायन कर भाईचारे और समभाव का संदेश दिया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस की सभा के बाद मंच का कथित शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है। उन्होंने इसे दलित विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताते हुए इसकी निंदा की।

पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह ने कहा कि हल्द्वानी में एक पार्टी विशेष के कार्यकर्ताओं द्वारा मंच का शुद्धिकरण कर दलित विरोधी कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कृत्य की जितनी निंदा की जाए, कम है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से प्रदेशभर में सत्याग्रह यात्राएं निकालकर कथित शुद्धिकरण के विरोध में आवाज उठाई जा रही है। इन यात्राओं के माध्यम से समाज को बांटने वाले कृत्यों का विरोध करते हुए भाईचारे और सामाजिक समानता का संदेश दिया जा रहा है।

सत्याग्रह मार्च में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को याद करते हुए सामाजिक समानता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाज में किसी भी तरह के भेदभाव और विभाजन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।