खड़गे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण के विरोध में रानीखेत में कांग्रेस का धरना

खड़गे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण के विरोध में रानीखेत में कांग्रेस का धरना

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत

हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित तौर पर सभा स्थल पर गंगाजल का छिड़काव कर ‘शुद्धिकरण’ और हवन किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। कांग्रेस ने इस घटना को जातिगत भेदभाव और छुआछूत की मानसिकता का प्रतीक बताते हुए विरोध दर्ज कराया।

इसी क्रम में शुक्रवार को रानीखेत कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गांधी पार्क में एक घंटे का धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जातिगत भेदभाव, छुआछूत और सामाजिक विभाजन की मानसिकता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने समानता, सामाजिक न्याय और संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ उसकी जाति के आधार पर भेदभाव करना भारतीय संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का कथित रूप से किया गया अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि दलित, वंचित और पिछड़े वर्गों के सम्मान से जुड़ा विषय है।

वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक भारत में जातिगत भेदभाव और छुआछूत जैसी संकीर्ण मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। सामाजिक समानता, भाईचारे और सम्मान को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी संविधान की रक्षा और सामाजिक समानता के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि समानता का सम्मान ही संविधान का सम्मान है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज में जातिगत आधार पर विभाजन की सोच लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करती है। कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एससी जिलाध्यक्ष गुसाईं राम आर्या ने की। उन्होंने कहा कि सामाजिक भेदभाव के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान में निहित समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

धरना-प्रदर्शन में नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, पीसीसी सदस्य कैलाश पांडे, चिलियानौला अध्यक्ष कमलेश बोरा, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, प्रमोद पाल, हेमंत बिष्ट, महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कार्यालय प्रबंधक रमेश पंत, सुंदर लाल सुमन, नवीन आर्या, त्रिलोक चंद्र, प्रवीण आर्या, चंदन सिंह बिष्ट, न्याय पंचायत जैनोली कांग्रेस अध्यक्ष ललित मेहरा, मनोज कोरंगा, दीपक सोंटियाल, रुद्र प्रताप महरा, पवन बिष्ट, अंकित रावत, नितिन प्रकाश, पंकज किरोला, यतिन मेहरा, आदित्य मेहरा, अभय पवार, अभिनव महरा और उदित मेहरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जातिगत भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच लगातार अपनी आवाज उठाते रहेंगे।