रामलीला मैदान के कथित “शुद्धिकरण” और फर्जी एआई वीडियो मामले में कार्रवाई की मांगब्यू

रामलीला मैदान के कथित “शुद्धिकरण” और फर्जी एआई वीडियो मामले में कार्रवाई की मांगब्यू

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

रामलीला मैदान में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली के बाद कथित रूप से किए गए “शुद्धिकरण” और फर्जी AI वीडियो वायरल होने के मामले में युवा कांग्रेस ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने सीओ सिटी को तहरीर सौंपकर दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने कहा कि 8 अगस्त 2026 को रामलीला मैदान में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली आयोजित हुई थी। रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि रैली समाप्त होने के बाद रामलीला मैदान में हवन-पूजन कर कथित तौर पर “शुद्धिकरण” किया गया। भोजक ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है और समाज में जातिगत भेदभाव की भावना को बढ़ावा मिलने की आशंका रहती है।

युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू ने कहा कि रैली के बाद सोशल मीडिया पर एक फर्जी AI वीडियो वायरल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो के माध्यम से समाज में भ्रम और नफरत फैलाने का प्रयास किया गया, जो गंभीर मामला है और इसकी तकनीकी जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।

हेमन्त साहू ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि वायरल वीडियो की तकनीकी और डिजिटल फॉरेंसिक जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि वीडियो तैयार करने और उसे प्रसारित करने में जो भी लोग दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सुमित कुमार ने कहा कि रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण और फर्जी AI वीडियो, दोनों मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्यों का पता चल सके और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पूर्व पार्षद राधा आर्या ने कहा कि सोशल मीडिया पर फर्जी सामग्री के जरिए किसी राजनीतिक या सामाजिक कार्यक्रम को लेकर भ्रम फैलाना उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच होने से ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की भी मांग की।

ज्ञापन देने वालों में युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव दिग्विजय चौहान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष लाल सिंह पवार, पार्षद शैलेंद्र दानू, बानू कबड़वाल, विवेक मिश्रा, मयंक गोस्वामी, अक्षत पाठक, संजय जोशी, मेहुल जोशी समेत युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।