एकलव्य विद्यालय में प्रशासन ने किया निरीक्षण

एकलव्य विद्यालय में प्रशासन ने किया निरीक्षण

स्थान – खटीमा, ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार

खटीमा के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में बच्चों के भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के तत्काल निर्देश के बाद मंगलवार को समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की टीम विद्यालय पहुंची और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय में बच्चों के लिए भोजन तैयार किए जाने वाले स्थान, रसोईघर और स्टोर रूम का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने स्टोर रूम में रखे राशन के स्टॉक की भी जांच की और उपलब्ध सामग्री का रिकॉर्ड देखा।

अधिकारियों ने विद्यालय के कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों का तत्काल प्रभाव से पालन किया जाए और बच्चों को भोजन सहित सभी जरूरी सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विद्यालय की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कर्मचारियों को साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।

सांसद प्रतिनिधि रविंद्र सिंह राणा ने कहा कि बच्चों के भोजन और विद्यालय की व्यवस्थाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं का टेंडर लेने वाले ठेकेदार की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

राणा ने कहा कि जांच में यदि ठेकेदार की ओर से किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान खटीमा के जनप्रतिनिधि, अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी सहित अन्य प्रतिनिधि भी अधिकारियों के साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान जिले से पहुंचे समाज कल्याण अधिकारी अमन अननिस्द्भ सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, खटीमा ब्लॉक प्रमुख की ओर से विद्यालय को 40 डस्टबिन भी उपलब्ध कराए गए। इनका उद्देश्य विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद हुई इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रशासन एकलव्य विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर है। अब निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों को दूर करने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई के लिए प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।