स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार


ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झनकट चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो विधि से संघर्षरत बालकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई सात अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने कुल आठ चोरी की बाइक बरामद की हैं।


पुलिस के अनुसार 10 अगस्त को झनकट चौकी पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को मोटरसाइकिल संख्या UP23AE1186 के साथ पकड़ा। जांच करने पर मोटरसाइकिल थाना खटीमा में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 224/2025 से संबंधित चोरी का वाहन पाई गई।



पूछताछ में दोनों बालकों ने पुलिस को बताया कि चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें ओकलैण्ड होटल से करीब 500 मीटर आगे स्थित आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई हैं। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची और दोनों की निशानदेही पर सात अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।


बरामद वाहनों में हीरो स्पेंडर प्लस, टीवीएस स्टार सिटी और कावासाकी के-टेक समेत विभिन्न कंपनियों की मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक कई वाहनों की नंबर प्लेट हटाई या तोड़ी गई थी। प्रथम दृष्टया वाहनों की पहचान छिपाने के लिए ऐसा किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि बरामद आठों वाहनों के संबंध में वाहन स्वामियों और अन्य थानों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद मोटरसाइकिलें किन-किन क्षेत्रों से चोरी की गई थीं और क्या इनका संबंध वाहन चोरी की अन्य घटनाओं से भी है।


मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार मामले में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की वृद्धि की गई है। साथ ही वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों की भी कड़ियां खंगाली जा रही हैं।



पुलिस ने दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में किशोर न्याय के प्रावधानों का पालन करते हुए बाल-अनुकूल प्रक्रिया अपनाई। उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। आवश्यक हिदायत के बाद दोनों को उनके परिजनों की अभिरक्षा में दिया गया है और उन्हें 11 अगस्त को किशोर न्याय बोर्ड, ऊधम सिंह नगर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चेकिंग और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा। बरामदगी के बाद पुलिस अब चोरी की अन्य घटनाओं में भी इन वाहनों की संभावित संलिप्तता और उनके वास्तविक स्वामियों की जानकारी जुटाने में लगी है।
पूरी कार्रवाई में थाना खटीमा के प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्या, उपनिरीक्षक अशोक कांडपाल, विवेचक भुवन चंद्र गहतौड़ी समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद जगी है।

