स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी


कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन के बाद भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में रानीखेत जिले से चार कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। इसे आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


रानीखेत जिले के अंतर्गत रानीखेत, सल्ट और द्वाराहाट तीन विधानसभा क्षेत्र आते हैं। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में रानीखेत विधानसभा क्षेत्र से तीन और द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र से एक कार्यकर्ता को स्थान मिला है, जबकि सल्ट विधानसभा क्षेत्र से किसी भी कार्यकर्ता को प्रदेश कार्यसमिति में शामिल नहीं किया गया है।


रानीखेत विधानसभा क्षेत्र से पूर्व जिलाध्यक्ष दीप भगत को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा गिरीश भगत और पूर्व जिलाध्यक्ष लीला बिष्ट को भी प्रदेश कार्यसमिति में जिम्मेदारी दी गई है। वहीं द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल शाही को प्रदेश कार्यसमिति में शामिल किया गया है।

प्रदेश कार्यसमिति में जिले से चार कार्यकर्ताओं को जगह मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश संगठन में जिले के अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिलने से संगठन को मजबूती मिलेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट समेत संगठन के पदाधिकारियों और पार्टी नेताओं ने नवनियुक्त प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सदस्य संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


पार्टी नेताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रदेश कार्यसमिति में जिले के कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नए पदाधिकारी अपने अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ पार्टी को दिलाएंगे।



भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आगामी चुनावों के लिए अभी से पूरी सक्रियता के साथ जुटेंगे। प्रदेश कार्यसमिति में शामिल सदस्यों से संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पार्टी को मजबूत करने की अपेक्षा जताई गई है।
प्रदेश कार्यसमिति में शामिल किए गए कार्यकर्ताओं में द्वाराहाट विधानसभा से पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल शाही, रानीखेत विधानसभा से पूर्व जिलाध्यक्ष दीप भगत, गिरीश भगत और पूर्व जिलाध्यक्ष लीला बिष्ट शामिल हैं। वहीं सल्ट विधानसभा को प्रदेश कार्यसमिति में प्रतिनिधित्व नहीं मिलने को लेकर भी स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।

