कांग्रेस नेताओं के व्यवहार पर दुम्का का हमला, बोले- लोकतंत्र में मर्यादा जरूरी

कांग्रेस नेताओं के व्यवहार पर दुम्का का हमला, बोले- लोकतंत्र में मर्यादा जरूरी

स्थान : लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट

बीते दिनों हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में आयोजित रैली के दौरान एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस नेताओं द्वारा कथित हंगामे और पुलिस अधिकारियों के साथ अभद्रता व गाली-गलौज के मामले को लेकर लालकुआं के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

नवीन चंद्र दुम्का ने कहा कि जिले के पुलिस कप्तान जैसे जिम्मेदार अधिकारी के लिए अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के दौरान अधिकारियों के साथ मर्यादित और सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक विरोध और सरकारी अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार के बीच स्पष्ट अंतर होना चाहिए। राजनीतिक दलों के नेताओं को अपनी जिम्मेदारी और पद की गरिमा का ध्यान रखते हुए सार्वजनिक जीवन में आचरण करना चाहिए।

दुम्का ने कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली में कांग्रेस की अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं जुट पाई, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन पर डालने का प्रयास किया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया।

पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यक्रम को सफल बनाने में असफल रही और अब अपनी कमियों का ठीकरा पुलिस प्रशासन पर फोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक कार्यक्रम की सफलता या विफलता की जिम्मेदारी संबंधित राजनीतिक दल की होती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यक्रम को स्वयं विफल किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसे ही कहा जाता है कि किए-कराए पर पानी फेर देना। दुम्का ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को आत्ममंथन करने के बजाय पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाने से बचना चाहिए।

नवीन चंद्र दुम्का ने कहा कि जनता पूरे घटनाक्रम को देख रही है और सब कुछ जानती है। उन्होंने कहा कि जनता राजनीतिक दलों के व्यवहार और कार्यशैली का मूल्यांकन करती है और समय आने पर इसका जवाब भी देती है।

उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को उसके कार्यों और आचरण का हिसाब देगी। दुम्का ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च होती है और चुनाव के समय जनता अपने मत के माध्यम से राजनीतिक दलों के प्रदर्शन और व्यवहार का मूल्यांकन करती है।