कांग्रेस की रैली से भाजपा बौखलाई: सुमित हृदयेश

कांग्रेस की रैली से भाजपा बौखलाई: सुमित हृदयेश

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्स्सेना

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के कांग्रेस की रैली को फ्लॉप बताए जाने वाले बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रैली में उमड़ी भीड़ को देखकर भाजपा डर गई है और इसी बौखलाहट में भाजपा नेता बयानबाजी कर रहे हैं।

सुमित हृदयेश ने कहा कि जिस तरह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस की रैली को फ्लॉप बता रहे हैं, उससे साफ है कि भाजपा कांग्रेस के बढ़ते जनसमर्थन से चिंतित है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देने के लिए तैयार है और वर्ष 2027 में भाजपा की हार तय है।

विधायक ने हल्द्वानी मंडी परिषद के अध्यक्ष की ओर से पूर्व मंत्री स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश को लेकर की गई बयानबाजी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बयान देने वालों को यह नहीं भूलना चाहिए कि हल्द्वानी में अब जो लोग कॉलेजों में प्रोफेसर जैसे पदों पर बैठे हैं, उनमें कई लोगो को स्वर्गीय इंदिरा हृदयेश के प्रयासों का लाभ मिला है।

उन्होंने मंडी परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मंडी परिसर के अलग-अलग हिस्सों में दुकानों का निर्माण और उनका निजी लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की जनता इन सब चीजों से अनजान नहीं है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

सुमित हृदयेश ने एक आईपीएस अधिकारी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी का काम किसी मुख्यमंत्री या मंत्री की रैली में जनता से ताली बजवाना नहीं है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने संविधान की शपथ ली है और उन्हें किसी राजनीतिक व्यक्ति के बजाय जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में हल्द्वानी और पूरे उत्तराखंड में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की कार्यप्रणाली को समझ चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका असर दिखाई देगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस की रैली को फ्लॉप बताकर अपनी चिंता छिपाने का प्रयास कर रही है। उनके मुताबिक भाजपा की अपनी रणनीतियां लगातार असफल होती नजर आ रही हैं, जिसके कारण प्रदेश अध्यक्ष और अन्य भाजपा नेता लगातार कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं।

सुमित हृदयेश ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रैली में उमड़ा जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और भाजपा की कथित नाकामियों का हिसाब चुनाव में लिया जाएगा।