स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्टर

सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार पूरी तरह शिवमय नजर आ रही है। कांवड़ मेले के अंतिम पड़ाव के बीच सुबह से ही प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। वहीं सड़कों पर डाक कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।


कनखल स्थित भगवान भोलेनाथ के ससुराल माने जाने वाले दक्ष प्रजापति मंदिर में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज रहा है। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं।



हरिद्वार के बिल्वकेश्वर महादेव, पारद शिवलिंग, दरिद्र भंजन महादेव और तिलभांडेश्वर महादेव समेत अन्य प्रमुख शिवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। मंदिरों में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना का दौर जारी है।


श्रद्धालु गंगाजल, दूध, दही, बेलपत्र, भांग और धतूरे से भगवान शिव का अभिषेक कर रहे हैं। बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। सावन सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
सावन सोमवार के चलते हरिद्वार के मठ-मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। धर्मनगरी के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। हर तरफ भोलेनाथ के जयकारे सुनाई दे रहे हैं।


वहीं दूसरी ओर कांवड़ मेले के अंतिम चरण में डाक कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर कांवड़ियों और वाहनों का दबाव बढ़ गया है।


डाक कांवड़ के बढ़ते दबाव और सावन सोमवार पर मंदिरों में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। प्रमुख मार्गों, चौराहों और मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार मोर्चे पर तैनात हैं।
कांवड़ मेले के अंतिम पड़ाव और सावन के दूसरे सोमवार पर हरिद्वार में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। एक ओर शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतारें हैं, तो दूसरी ओर सड़कों पर बोल बम के जयघोष के साथ डाक कांवड़ियों का सैलाब उमड़ रहा है।

