पंपापुरी पार्क गेट विवाद का समाधान, प्रशासन की मध्यस्थता से बनी सहमति

पंपापुरी पार्क गेट विवाद का समाधान, प्रशासन की मध्यस्थता से बनी सहमति

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

रामनगर के पंपापुरी पार्क में गेट लगाए जाने को लेकर पिछले करीब दो वर्षों से चला आ रहा विवाद आखिरकार प्रशासन की मध्यस्थता के बाद सुलझ गया। गेट लगाने की मांग को लेकर सभासद नवीन सुनेजा पिछले दो दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी धरने पर शामिल हुए और गेट लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

पार्क में गेट लगाने के समर्थन में महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने नारेबाजी की। सभासद नवीन सुनेजा का कहना था कि नवनिर्मित पार्क में गेट लगने से असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों की आवाजाही पर रोक लगेगी। साथ ही पार्क की सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी। क्षेत्रवासियों का कहना था कि पार्क को सुरक्षित रखने के लिए प्रवेश द्वार जरूरी है।

वहीं, पार्क के पास रहने वाला एक परिवार गेट लगाए जाने का लगातार विरोध कर रहा था। परिवार का कहना था कि जिस स्थान पर गेट लगाया जा रहा है, वह उनके घर के बेहद नजदीक है। गेट लगने के बाद घर के सामने वाहनों की पार्किंग और आवाजाही बढ़ने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसी आपत्ति को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

इसी बीच विरोध कर रहे संतोष शर्मा अपने परिवार के साथ घर के अंदर चले गए और डीजल लेकर खुद को बंद कर लिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को गंभीरता से लेते हुए परिवार को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। कुछ देर बाद उपजिलाधिकारी रामनगर गोपाल सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और परिवार से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।

करीब एक घंटे से अधिक समय तक चली समझाइश और बातचीत के बाद परिवार घर से बाहर आया। इसके बाद प्रशासन, पुलिस, वन विभाग और दोनों पक्षों की मौजूदगी में बैठक कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की आपत्तियां सुनीं और विवाद खत्म करने के लिए बीच का रास्ता निकालने पर सहमति बनाई।

उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि करीब दो वर्षों से चले आ रहे विवाद का समाधान कर लिया गया है। दोनों पक्षों की सहमति के बाद अब गेट पूर्व निर्धारित स्थान से करीब 15 फीट आगे लगाया जाएगा। वन विभाग को संबंधित ठेकेदार को इसी स्थान पर गेट लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि गेट पर ऐसा कोई अवरोध नहीं बनाया जाएगा, जिससे लोगों की सामान्य आवाजाही प्रभावित हो। इसके अलावा पार्क की पश्चिम दिशा में रहने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए एक छोटा गेट भी लगाया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।

वन विभाग की ओर से गेट लगाने का आश्वासन मिलने के बाद वन क्षेत्राधिकारी कृष्ण सिंह महरा ने जूस पिलाकर सभासद नवीन सुनेजा की भूख हड़ताल समाप्त कराई। प्रशासन की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनने से फिलहाल पंपापुरी पार्क में गेट को लेकर चल रहा विवाद समाप्त हो गया है।