

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कांवड़ मेला 2026 की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) मंगलवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने मेला कंट्रोल रूम में स्थापित अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली।


राज्यपाल ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के साथ समीक्षा बैठक कर मेले की तैयारियों का आकलन किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, आपदा प्रबंधन और विभिन्न विभागों के समन्वय से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।



निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा पर्याप्त संसाधनों और प्रशिक्षित मानवबल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


उन्होंने मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए मशीनों के माध्यम से नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित निगरानी प्रणाली का अधिकतम उपयोग कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर बल दिया।

राज्यपाल ने कहा कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


निरीक्षण के बाद राज्यपाल हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पहुंचे, जहां उन्होंने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं सफल संचालन, प्रदेश की खुशहाली तथा देशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना करते हुए सभी श्रद्धालुओं के सुरक्षित यात्रा संपन्न होने की प्रार्थना की।



