गौ माता को राज्य माता घोषित करने की मांग, करणी सेना उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

गौ माता को राज्य माता घोषित करने की मांग, करणी सेना उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

करणी सेना उत्तराखंड ने गौ माता को राज्य माता घोषित करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय में हल्द्वानी तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से देवभूमि उत्तराखंड में गौ संरक्षण और गौ सम्मान को लेकर ठोस निर्णय लेने की मांग की है।

ज्ञापन में करणी सेना ने कहा कि हिंदू सनातन संस्कृति में गाय को केवल पशु नहीं, बल्कि गौ माता के रूप में पूजनीय स्थान दिया गया है। वेदों और पुराणों में गाय को करुणा, पोषण और समृद्धि का प्रतीक बताया गया है। संगठन ने कहा कि सनातन परंपरा में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है और गौ सेवा को धार्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।

करणी सेना ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के रूप में प्रसिद्ध है, जहां हरिद्वार, केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे प्रमुख तीर्थस्थल स्थित हैं। ऐसे में प्रदेश में गौ माता के संरक्षण और सम्मान के लिए विशेष पहल की जानी चाहिए।

संगठन ने ज्ञापन में गौ माता पर बढ़ते अत्याचार और दुर्दशा को रोकने के लिए उत्तराखंड में गौ माता को राज्य माता घोषित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

करणी सेना के पदाधिकारियों ने बताया कि गौ सम्मान अभियान के तहत नैनीताल जिले में पांच लाख हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है। इसके बाद तहसील स्तर से राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे गए हैं। संगठन के अनुसार हस्ताक्षर अभियान अभी भी जारी है।

उन्होंने बताया कि आगामी 27 जुलाई को नैनीताल जिले सहित पूरे उत्तराखंड से 50 लाख हस्ताक्षर एकत्र कर जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से भेजे जाएंगे। संगठन ने सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि 20 दिनों के भीतर गौ माता को राज्य माता घोषित करने को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी 1 अगस्त को हल्द्वानी को केंद्र बनाकर मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च किया जाएगा।

इस दौरान करणी सेना युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र राणा जोगी, मुख्य सलाहकार महंत हिरागिरी महाराज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंदन मलारा, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद लखेरा, प्रदेश प्रवक्ता गोविंद अधिकारी, जिलाध्यक्ष सुमित सिंह, महिला शक्ति जिलाध्यक्ष योगिता बनोला सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गौरक्षक मौजूद रहे।