भाजपा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान तेज, प्रदेश स्तर पर होगा अगला प्रशिक्षण

भाजपा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान तेज, प्रदेश स्तर पर होगा अगला प्रशिक्षण

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने तथा पार्टी की विचारधारा, इतिहास, संगठनात्मक संरचना और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूरे देश में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड भाजपा ने भी अभियान के तहत अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रदेश भाजपा महामंत्री दीप्ती रावत भारद्वाज ने बताया कि राज्य के सभी 303 मंडलों और 19 जिलों में प्रशिक्षण वर्ग सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। अब अभियान के अगले चरण में प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण में प्रदेश कार्यसमिति के सभी सदस्य, विधायक तथा संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रशिक्षण की तिथि और स्थान अभी तय नहीं किया गया है, लेकिन इसे जल्द आयोजित किए जाने की तैयारी चल रही है। कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा शीघ्र की जाएगी।

दीप्ती रावत भारद्वाज ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के लिए यह प्रशिक्षण किसी रिफ्रेशर कोर्स की तरह है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से संगठन में कार्य कर रहे नेताओं को पार्टी के सिद्धांतों और कार्यप्रणाली की जानकारी है, लेकिन समय-समय पर प्रशिक्षण से विचारधारा और संगठनात्मक उद्देश्यों को लेकर नई ऊर्जा और स्पष्टता मिलती है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शिक्षकों और अन्य पेशेवरों के लिए समय-समय पर रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं, उसी प्रकार भाजपा भी अपने कार्यकर्ताओं को बदलते समय के अनुरूप प्रशिक्षित करती है। इससे संगठन की कार्यशैली मजबूत होती है और कार्यकर्ता अधिक प्रभावी ढंग से जनता के बीच अपनी बात रख पाते हैं।

प्रदेश भाजपा महामंत्री ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव लड़ने वाली राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक विचारधारा आधारित संगठन है। कार्यकर्ताओं में राष्ट्रवादी सोच को मजबूत करना, संगठन की नीतियों से अवगत कराना और केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाना इस प्रशिक्षण अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण महाअभियान से कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक क्षमता और जनसंपर्क कौशल में वृद्धि होगी। इससे पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने में मदद मिलेगी तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।