शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने निकायों की समीक्षा बैठक में दिए विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने निकायों की समीक्षा बैठक में दिए विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट

प्रदेश के शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में भीमताल स्थित अनंत विला रिजॉर्ट में प्रदेश के सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों के अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, विभागीय वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए शहरी विकास मंत्री कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाए।

मंत्री ने कहा कि नगर निकायों के जनप्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। इसलिए उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को गंभीरता से लेते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कूड़ा संग्रहण वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। इन वाहनों की निगरानी और कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष मोबाइल एप भी शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

शहरी विकास मंत्री ने बताया कि नगर निकायों में लंबे समय से रिक्त चल रहे अधिशासी अधिकारी, अपर अभियंता और राजस्व निरीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इससे विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और निकायों के कामकाज को मजबूती मिलेगी।

मंत्री ने सभी नगर निकायों से अपनी आय के स्रोत बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत निकाय ही जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा सकते हैं। इसके लिए स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और राजस्व वृद्धि के नए उपायों पर ध्यान देने की जरूरत है।

बैठक में उन्होंने नगर क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण, सड़क सुधार, विद्युत, पेयजल और गैस पाइपलाइन को भूमिगत करने, डंपिंग जोन विकसित करने, गौशालाओं के निर्माण और अन्य विकास परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त संख्या में शेल्टर होम विकसित करने पर भी जोर दिया।

राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि संवाद और समन्वय के माध्यम से ही समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। भविष्य में भी ऐसी समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जाएगा, ताकि विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जा सके और जनहित के कार्य समय पर पूरे हों।

बैठक में विभिन्न नगर निकायों द्वारा संचालित विकास योजनाओं, स्वच्छता प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और शहरी विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर सचिव विनोद गिरी गोस्वामी सहित नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, सचिव और अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।