

स्थान : लकसर
ब्यूरो रिपोर्ट

लक्सर अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। चंदन पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में हरिद्वार के जिला एवं सत्र न्यायाधीश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सचिव सहित सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।


समारोह को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि न्याय व्यवस्था की मजबूती बार और बेंच के बीच आपसी विश्वास, सम्मान और बेहतर समन्वय पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच मजबूत संबंध होने से न्यायिक प्रक्रिया अधिक प्रभावी और सुचारु रूप से संचालित होती है।



उन्होंने कहा कि समय-समय पर बार और बेंच के बीच विचारों में अंतर या कुछ दूरी आ सकती है, लेकिन संवाद, संयम और मध्यस्थता के माध्यम से हर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे न्यायिक गरिमा को बनाए रखते हुए सकारात्मक भूमिका निभाएं।


जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि लक्सर न्यायालय में अब तीसरी बार अधिवक्ता संघ का गठन हुआ है। ऐसे में सभी अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ न्याय व्यवस्था की प्रतिष्ठा को बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि विचारों में भिन्नता स्वाभाविक है, लेकिन आपसी मतभेद और मनभेद नहीं होने चाहिए।
शपथ ग्रहण समारोह में चौधरी सेठपाल ने अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की, जबकि ऋषि पाल सिंह चौहान ने सचिव पद की शपथ ली। इसके अलावा संघ के अन्य नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने भी अपने पदों की शपथ ली।

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों के साथ-साथ न्यायिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।


समारोह के अंत में पदाधिकारियों ने संगठन की गरिमा बनाए रखने, अधिवक्ताओं के हितों के लिए कार्य करने और न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

