जन-जन की सरकार आपके द्वार शिविर में 35 शिकायतों का निस्तारण, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

जन-जन की सरकार आपके द्वार शिविर में 35 शिकायतों का निस्तारण, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

राज्य सरकार के “जन-जन की सरकार आपके द्वार, समस्या-सरलीकरण-समाधान” कार्यक्रम के तहत गुरुवार को बाजपुर धर्मशाला में बहुउद्देशीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता उपस्थित रहे कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना रहा।

शिविर में उपजिलाधिकारी अमृता शर्मा, दर्जा राज्यमंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी सीमा चौहान, भाजपा नेता राजेश कुमार, मोहनपाल, गौरव शर्मा, टिंकू यादव तथा खंड विकास अधिकारी शेखर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे अधिकारियों ने शिविर में प्राप्त लगभग 35 शिकायतों को सुना और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र लाभार्थियों को प्रदान किया गया स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को चेक वितरित किए गए, जबकि पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट उपलब्ध कराई गई इसके अलावा दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल सहित अन्य सहायक उपकरण वितरित कर उन्हें सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविर में स्थानीय लोगों ने बाजपुर क्षेत्र की सड़कों की जर्जर स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया नागरिकों का कहना था कि सड़कों पर बने गहरे गड्ढों के कारण विशेष रूप से स्कूली बच्चों के आवागमन में दुर्घटना का खतरा बना रहता है इस महत्वपूर्ण विषय पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का कोई अधिकारी या कर्मचारी उपस्थित नहीं होने से लोगों ने नाराजगी व्यक्त की और इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया।

आम आदमी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष ने भी शिविर में भाग लेते हुए बाजपुर के 20 गांव भूमि प्रकरण के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर एक प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपा उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित इस मामले का समयबद्ध समाधान किया जाना आवश्यक है ताकि प्रभावित ग्रामीणों को राहत मिल सके।

हालांकि शिविर में शिकायतों के समाधान का प्रयास किया गया, लेकिन आयोजन की मूलभूत व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठे भीषण गर्मी के बावजूद पीने के पानी, ठंडक और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से शिकायतकर्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारी काफी परेशान दिखाई दिए हॉल में स्टॉल पर बैठे अधिकारी पसीने से लथपथ नजर आए और कागज, गत्ते तथा टोपी से हवा करते दिखाई दिए।

वहीं दूसरी ओर मंच पर मौजूद अतिथियों और विशिष्ट जनों के लिए कूलर, बोतलबंद ठंडे पानी तथा चाय-नाश्ते की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी इस असमान व्यवस्था को लेकर कई लोगों ने असंतोष जताया और भविष्य में ऐसे जनहित शिविरों में आम नागरिकों तथा अधिकारियों के लिए भी समान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।