

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र स्थित बरी अंजनिया गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई कथित फायरिंग की घटना के बाद मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है घटना के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली उन्होंने प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए उन्होंने कहा कि पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है घटना में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने सीज कर लिया है।



उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि भूमि माफिया अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।


पीड़ित महिला उमा जोशी ने बताया कि उनका परिवार पिछले लगभग 60 वर्षों से संबंधित भूमि का स्वामित्व रखता है उनके अनुसार पिछले वर्ष उनकी खड़ी गन्ने की फसल को रातों-रात जोत दिया गया था उन्होंने आरोप लगाया कि 3 जुलाई को जब उनका परिवार धान की रोपाई की तैयारी कर रहा था, तभी दो वाहनों में सवार कुछ लोग हथियारों के साथ पहुंचे और उनके देवर दिनेश जोशी के साथ मारपीट की।
उमा जोशी का कहना है कि अगले दिन भी कुछ लोग दोबारा गांव पहुंचे और उनके पति पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके की ओर आने लगे तो आरोपियों ने कथित रूप से हवाई फायरिंग की और वहां से फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना को लेकर क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है छात्र संगठन के पदाधिकारी रोहित जोशी ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं वहीं राष्ट्रीय योगी सेना के महामंत्री हयात सिंह बिष्ट ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई।


पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

