

लोकेशन : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर सख्त रुख अपनाया है। हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंदिर से चढ़ावे की चोरी बेहद गंभीर और अक्षम्य अपराध है। उन्होंने कहा कि यह गौ हत्या और माता-पिता की हत्या जैसे बड़े पाप के समान है, जिसे किसी भी स्थिति में माफ नहीं किया जा सकता।


मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे प्रकरण की जांच के लिए गठित समिति भी अपना काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


सीएम धामी ने कहा कि चारधाम और मंदिरों से जुड़ी व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी हैं। ऐसे मामलों में सरकार पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने यह बयान हरिद्वार स्थित प्रेमनगर आश्रम में आयोजित प्रसिद्ध कथावाचक मोरारी बापू की रामकथा में शामिल होने के दौरान दिया। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हरिद्वार पहुंचे थे, जहां उन्होंने धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
गौरतलब है कि बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर राजनीतिक हलकों में भी मामला गरमाया हुआ है। कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाते हुए सरकार और बदरी-केदार मंदिर समिति पर सवाल खड़े किए हैं।


वहीं, मुख्यमंत्री के बयान के बाद साफ हो गया है कि सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई के पक्ष में है। प्रशासन और जांच एजेंसियां मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।



मुख्यमंत्री ने दोहराया कि धार्मिक आस्था से जुड़े किसी भी मामले में लापरवाही या अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

