

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

खटीमा की होनहार बेटी तिला सेन ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नगरवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से उनके सम्मान में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।


तिला सेन ने कठिन परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम का सामना करते हुए अपने साहस, दृढ़ संकल्प और अथक मेहनत के बल पर माउंट एवरेस्ट की सफल चढ़ाई पूरी की। उनकी इस उपलब्धि को खटीमा ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।



उनके सम्मान में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, युवा, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ और मालाएं पहनाकर तिला सेन का जोरदार स्वागत किया तथा उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तिला सेन ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत इरादों, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित जोशी ने तिला सेन का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने युवतियों से आह्वान किया कि वे भी बड़े सपने देखें, हौसला बनाए रखें और अपने परिश्रम से खटीमा तथा प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।

कार्यक्रम के दौरान तिला सेन ने अपनी सफलता की खुशी नगरवासियों के साथ साझा की। उन्होंने अपने इस अभियान के अनुभव बताते हुए कहा कि माउंट एवरेस्ट फतह करना आसान नहीं था, लेकिन निरंतर अभ्यास, धैर्य और परिवार सहित सभी लोगों के सहयोग से उन्होंने यह सपना पूरा किया।


नगरवासियों ने तिला सेन की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। लोगों ने विश्वास जताया कि तिला सेन भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छूते हुए देश और उत्तराखंड का नाम विश्व पटल पर रोशन करती रहेंगी।

