

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

इको टूरिज्म बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं दर्जाधारी राज्य मंत्री ओमप्रकाश जन्मदग्नि ने सोमवार को चंडी देवी मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रोपवे मार्ग और मंदिर के आसपास फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और रोपवे कंपनी को स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने मंदिर परिसर, रोपवे मार्ग और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर उन्होंने रोपवे कंपनी के अधिकारियों को फटकार लगाई और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।



राज्य मंत्री ओमप्रकाश जन्मदग्नि ने मंदिर परिसर में संचालित दुकानदारों से भी बातचीत की। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक स्थल की गरिमा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता बनाए रखें तथा कूड़ा इधर-उधर न फैलने दें।


उन्होंने संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार संस्थाओं को निर्देश दिए कि तीन दिनों के भीतर मंदिर परिसर, रोपवे मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।

ओमप्रकाश जन्मदग्नि ने कहा कि उत्तराखंड में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ-साथ धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ परिसर से श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा और प्रदेश की सकारात्मक छवि भी मजबूत होगी।

राज्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता को लेकर निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि कहीं लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और संस्थाओं के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।



