टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने प्रथम दल को किया रवाना

टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने प्रथम दल को किया रवाना

स्थान : टनकपुर (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड से संचालित पावन कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ रविवार को टनकपुर से हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदा पर्यटक आवास गृह से यात्रा के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का पारंपरिक छोलिया नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया। पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं का रुद्राक्ष की माला और भगवान शिव का पटका पहनाकर अभिनंदन किया तथा यात्रियों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की विशेष कृपा से ही किसी श्रद्धालु को इस दिव्य यात्रा का अवसर प्राप्त होता है। श्रद्धा, धैर्य और अटूट विश्वास के साथ यात्रा की हर चुनौती को सहजता से पार किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा सीमांत क्षेत्रों के विकास और समृद्धि का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। इस यात्रा से देशभर के श्रद्धालु सीमांत गांवों की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय जीवन से परिचित होते हैं। मुख्यमंत्री ने यात्रियों से स्थानीय हस्तशिल्प एवं उत्पादों की खरीदारी कर सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का भी आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। प्राचीन मंदिरों के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण के माध्यम से भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी यात्रियों की सुखद एवं सफल यात्रा की प्रार्थना की।

यात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालुओं ने भी राज्य सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना की। सातवीं बार कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालु अनिल कुमार जैन सहित अन्य यात्रियों ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं के बेहतर प्रबंध किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा।