

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत शनिवार को अल्मोड़ा जिले में सेवा पखवाड़े का भव्य शुभारंभ हुआ। मल्ला महल में आयोजित जनपद स्तरीय बहुउद्देशीय शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। यह विशेष अभियान 4 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा।


शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सेवा एवं जनकल्याण स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। स्वास्थ्य परीक्षण, आधार पंजीकरण एवं अद्यतन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ कुल 971 लाभार्थियों को मौके पर उपलब्ध कराया गया। पात्र लाभार्थियों को कई योजनाओं से तत्काल आच्छादित भी किया गया।



बाल विकास विभाग ने दो पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत 30 बालिकाओं का निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण किया गया। वहीं समाज कल्याण विभाग ने 11 दिव्यांगजनों एवं अन्य पात्र लाभार्थियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए। शिविर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में छह लोगों ने रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया।


कार्यक्रम के दौरान ऋषिकेश में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा पखवाड़े को जनसेवा का अभियान बताते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाना है, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के संकल्प को दोहराया।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिविर में संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।


कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र का भी आयोजन किया गया। विशेषज्ञों और विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित अधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर विकल्प और सफलता के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। इसके अलावा स्कूली विद्यार्थियों और लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य, लोकगीत, देशभक्ति कार्यक्रम तथा योग प्रदर्शन ने आयोजन को आकर्षक बनाया।


प्रशासन के अनुसार सेवा पखवाड़े के तहत आगामी दिनों में जिले के सभी विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविर और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

