नैनीताल में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ, बहुउद्देशीय शिविर में सैकड़ों लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ

नैनीताल में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ, बहुउद्देशीय शिविर में सैकड़ों लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ

स्थान : नैनीताल
रिपोर्टर
: संजय जोशी

उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” संकल्प तथा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत नैनीताल जिले के भीमताल विकासखंड में 15 दिवसीय सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। “रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास” विषय पर आयोजित बहुउद्देशीय जनसंवाद एवं जनकल्याण शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया।

कार्यक्रम में राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और शासन को जनता के द्वार तक ले जाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि सेवा पखवाड़े के दूसरे चरण में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि अंतिम छोर पर बैठे पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए।

शिविर में जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत कई लाभार्थियों को आर्थिक सहायता और सब्सिडी प्रदान की गई। टैक्सी सेवा, ईको वैन, रेस्टोरेंट और जनरल स्टोर जैसे स्वरोजगार कार्यों के लिए स्वीकृत धनराशि वितरित की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 102 प्रमाण-पत्र जारी किए गए। शिविर में 74 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 58 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष 16 मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया। विभिन्न विभागों ने स्वास्थ्य सेवाएं, आयुष चिकित्सा, प्रमाण-पत्र, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं और कौशल विकास से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध कराईं।

राजस्व, समाज कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, स्वास्थ्य, आयुष, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यान, सेवायोजन, शिक्षा और अन्य विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। राजस्व विभाग ने 45 भू-हिस्सा, चार जन्म और चार विरासत प्रमाण-पत्र जारी किए, जबकि आयुष विभाग ने निःशुल्क दवाओं का वितरण और स्वास्थ्य जांच की। स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय और ऑर्गेनिक उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। जिला सूचना विभाग ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही। सेवा पखवाड़े के तहत आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे।