हल्द्वानी में सगे भाई पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने चंद घंटों में की कार्रवाई

हल्द्वानी में सगे भाई पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने चंद घंटों में की कार्रवाई

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सगे भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।

मामला सोमवार का है, जब वादिनी बसन्ती कार्की, निवासी हीरानगर जेल रोड हल्द्वानी ने कोतवाली में तहरीर दी कि उनके पुत्र दीपू ने अपने ही बड़े भाई प्रेम कार्की पर धारदार हथियार से कई बार हमला किया है। हमले में प्रेम कार्की गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 214/2026 धारा 190(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के पर्यवेक्षण में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

पुलिस टीम ने त्वरित सुरागरसी और तकनीकी जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान घटना में प्रयुक्त एक धारदार ब्लेड भी बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कार्की उर्फ दीपू पुत्र स्व. भवान सिंह कार्की, निवासी जेल रोड हीरानगर, हल्द्वानी (उम्र 39 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के चलते यह गंभीर हमला किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौड़ (चौकी प्रभारी हीरानगर), हेड कांस्टेबल मनोज टम्टा और कांस्टेबल राहुल यादव शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में राहत और सुरक्षा की भावना बनी हुई है।