मसूरी में पर्यटक का महिला पर हमला, मॉल रोड पर हंगामा; आरोपी हिरासत में

मसूरी में पर्यटक का महिला पर हमला, मॉल रोड पर हंगामा; आरोपी हिरासत में

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के बीच मॉल रोड क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है देर रात एक पर्यटक द्वारा स्थानीय महिला और उसके पति पर प्लास्टिक के क्रेट से हमला किए जाने का मामला सामने आया है घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा से आए एक पर्यटक की स्थानीय दंपति से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास की दुकान से प्लास्टिक का क्रेट उठाकर महिला पर हमला कर दिया क्रेट का वार महिला के सिर पर लगने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी बीच-बचाव करने आए उसके पति पर भी आरोपी ने कई बार हमला किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों पर भी हमला करने का प्रयास किया, जिससे मॉल रोड क्षेत्र में दहशत फैल गई घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया प्रारंभिक जांच में आरोपी के हरियाणा निवासी होने और घटना के समय नशे की हालत में होने की बात सामने आई है।

घायल महिला को तत्काल उप जिला चिकित्सालय मसूरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वीडियो में आरोपी का आक्रामक व्यवहार और महिला पर हमला स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने कहा कि मसूरी की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर निर्भर है और यहां पर्यटकों का हमेशा स्वागत किया जाता है, लेकिन कुछ असामाजिक और नशे में धुत्त पर्यटक शहर का माहौल खराब कर रहे हैं उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं मसूरी की शांत और सुरक्षित छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से पर्यटकों द्वारा शराब पीकर हुड़दंग, मारपीट और अभद्रता की घटनाएं बढ़ी हैं उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जाए और सार्वजनिक स्थानों पर नशे में उत्पात मचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।