समाधान दिवस में डीएम सख्त, ठगी के आरोपी पर गैंगस्टर की कार्रवाई के निर्देश

समाधान दिवस में डीएम सख्त, ठगी के आरोपी पर गैंगस्टर की कार्रवाई के निर्देश

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के साथ संवेदनशील मामलों पर सख्त रुख अपनाया कार्यक्रम में कुल 171 फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस के दौरान विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 15 युवाओं से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एक अन्य मामले में चार वर्षों से दिव्यांग पेंशन से वंचित परिवार की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल राहत प्रदान करते हुए संबंधित अधिकारियों को मेडिकल जांच कराकर एक सप्ताह के भीतर पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।

समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, बैंक ऋण, मुआवजा और आपदा से जुड़ी शिकायतों पर भी सुनवाई की गई जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाने, बिजली लाइनों से जुड़े खतरों को दूर करने और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी जारी किए उन्होंने अधिकारियों को जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट कहा कि युवाओं से ठगी, महिलाओं और बुजुर्गों के उत्पीड़न तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का निस्तारण कर आम जनता का विश्वास बनाए रखने पर जोर दिया।