20 हजार की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार, ग्राम विकास अधिकारी पर भी कार्रवाई की तैयारी

20 हजार की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार, ग्राम विकास अधिकारी पर भी कार्रवाई की तैयारी

स्थान : काशीपुर(जसपुर)
ब्यूरो रिपोर्ट

सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जसपुर खंड विकास कार्यालय में तैनात संविदाकर्मी कनिष्ठ अभियंता (जेई) विवेक कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया कार्रवाई कुंडा, काशीपुर क्षेत्र में की गई मामले में ग्राम विकास अधिकारी दीपक सागर के खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जसपुर खंड विकास कार्यालय के अंतर्गत क्षेत्र में वाटर कूलर लगाने का कार्य ठेकेदार सरफराज अहमद ने किया था आरोप है कि कार्य के भुगतान के बदले संविदाकर्मी जेई विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की, जबकि ग्राम विकास अधिकारी दीपक सागर ने 12 हजार रुपये ‘इनाम’ के नाम पर मांग रखी।

रिश्वत की मांग से परेशान ठेकेदार सरफराज अहमद ने मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी से की शिकायत का सत्यापन करने के बाद सेक्टर निदेशक डॉ. बी. मुरुगेशन के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन किया गया और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई।

योजना के तहत ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए जेई विवेक कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले में नामजद दूसरे आरोपी ग्राम विकास अधिकारी दीपक सागर फिलहाल फरार हैं उनके विरुद्ध भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विवेचना जारी है और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सतर्कता विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल सतर्कता अधिष्ठान को दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।